हजारों जवारों से सजी हरियाली, दूर-दूर से उमड़े श्रद्धालु, मां काली की झांकियों ने मोहा मन
नौरोजाबाद/ संदीप तिवारी उमरिया जिले के नौरोजाबाद नगर में चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर शीतला माता मंदिर और खैर माता दरबार से हजारों की संख्या में भव्य जवारा जुलूस निकाला गया, जिसने पूरे नगर को आस्था और भक्ति के रंग में रंग दिया। यह आयोजन इस वर्ष ऐतिहासिक स्वरूप में देखने को मिला, जहां श्रद्धा का जनसैलाब उमड़ पड़ा।
जुलूस में शामिल हजारों जवारों ने सड़कों पर हरियाली की मानो चादर बिछा दी। नगर की गलियां जयकारों से गूंज उठीं और हर ओर भक्ति का अद्भुत माहौल नजर आया। दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं ने इस दिव्य दृश्य को देखने के लिए भारी संख्या में सहभागिता की।
जवारा जुलूस मुंडी खोली, बस स्टैंड, पीपल चौक, 5 नंबर कालोनी ,होते हुए राम मंदिर पहुंचा, जहां मां काली के नेतृत्व में जयकारे लगाते हुए भक्त नजर आए। इसी क्रम में बाजार क्षेत्र से निकला जुलूस कृष्णा कॉलोनी, मुंडी खोली, बस स्टैंड, पीपल चौक, बाजारपूरा सहित नगर के प्रमुख चौक-चौराहों से होता हुआ आगे बढ़ता गया।
वहीं जगह-जगह नगरवासियों एवं भक्तों द्वारा ठंडा पानी, शरबत एवं खिचड़ा प्रसाद का वितरण किया गया। अपने सिर पर जवारों को धारण किए बच्चे, महिलाएं और युवा नंगे पांव पूरे नगर में घूमते नजर आए, जो आस्था और श्रद्धा का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत कर रहा था।
चैत्र नवरात्रि के नौ दिनों तक मां की उपासना एवं कन्या पूजन के पश्चात आज मां के दरबार से यह ऐतिहासिक जवारा जुलूस निकाला गया, जिसने पूरे नगर को भक्तिमय बना दिया।
नंगे पांव चल रहे श्रद्धालुओं को राहत देने के लिए नगर परिषद नौरोजाबाद द्वारा सड़कों पर पानी का छिड़काव कराया गया। साथ ही नगरवासी भी अपने घरों के सामने पानी डालते हुए नजर आए, जिससे जुलूस में शामिल लोगों को ठंडक मिल सके।
मां काली के नेतृत्व में निकाली गईं अनेक भव्य झांकियां इस जुलूस का मुख्य आकर्षण रहीं। झांकियों की भव्यता और धार्मिक भावनाओं ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
जुलूस के दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर रहा। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों सहित हर वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और आस्था का अद्भुत परिचय दिया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया, जिससे पूरा आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुआ।







