भक्ति और आस्था का सैलाब: पाली में निकला ऐतिहासिक जवारा जुलूस




हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा, 13 हजार जवारों ने बिछाई हरियाली की चादर



  संदीप तिवारी /उमरिया जिले के पाली नगर में चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर मां बिरासनी दरबार से निकला भव्य जवारा जुलूस इस वर्ष ऐतिहासिक बन गया। आस्था, श्रद्धा और भक्ति के इस अद्भुत संगम ने पूरे नगर को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया।



करीब 13 हजार जवारों के साथ निकले इस विशाल जुलूस ने सड़कों पर हरियाली की मानो चादर बिछा दी। श्रद्धालुओं की अपार भीड़, जयकारों की गूंज और भक्ति में लीन जनसमूह ने पाली नगर को एक दिव्य धाम में परिवर्तित कर दिया।




जुलूस का सबसे आकर्षक दृश्य उस समय देखने को मिला, जब प्राइवेट कंपनी के हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई। आसमान से बरसते फूलों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया और यह पल सभी के लिए अविस्मरणीय बन गया।


पाली स्थित कलचुरी कालीन ग्यारहवीं शताब्दी के प्राचीन मां बिरासनी मंदिर में चैत्र नवरात्रि के दौरान हर वर्ष प्रदेश और आसपास के जिलों से हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस बार भी दूर-दराज से आए भक्तों की भारी भीड़ ने इस आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया।



मां काली के नेतृत्व में निकाली गईं अनेक भव्य झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। प्रदेश के कोने-कोने से आए भक्त इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने और आस्था की इस धारा में स्वयं को समर्पित कर दिया।



सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा, जिससे पूरा आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।





वाइट 1
धरणेन्द्र कुमार जैन, कलेक्टर उमरिया
“प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं, जिससे आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।”

वाइट 2
मीना सिंह, विधायक उमरिया
“पाली का यह जवारा जुलूस पूरे प्रदेश में अपनी अलग पहचान रखता है और आस्था का प्रतीक है।”



वाइट 3
विजय भागवानी, पुलिस अधीक्षक उमरिया
“सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे, हर स्थिति पर सतत निगरानी रखी गई।”



वाइट 4
आशुतोष अग्रवाल, जिला अध्यक्ष भाजपा उमरिया
“यह आयोजन हमारी संस्कृति, परंपरा और आस्था की जीवंत झलक प्रस्तुत करता है।”



संदीप तिवारी, उमरिया
जन सूत्र न्यूज़


Post a Comment

Previous Post Next Post