नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर
श्री श्री 1008 भगत गिरी बच्चू जी महाराज के भव्य स्वागत के साथ उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब, दर्शन के लिए लगी भक्तों की भीड़
संदीप तिवारी, संचालक — जन सूत्र न्यूज़ उमरिया
नौरोजाबाद / उमरिया जिला के नगर नौरोजाबाद श्री राधा-कृष्ण मंदिर, कृष्ण कॉलोनी में श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास, श्रद्धा एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर में दिनभर धार्मिक आयोजन हुए और देर रात तक भक्तिमय वातावरण बना रहा।
जन्माष्टमी के अवसर पर श्री श्री 1008 भगत गिरी बच्चू जी महाराज का भव्य स्वागत किया गया। बाबा जी को बैंड-बाजे, ढोल-नगाड़ों एवं जयकारों के साथ मंदिर परिसर में लाया गया। मंदिर के पुजारी महाराज द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं आरती कर बाबा जी का माल्यार्पण किया गया और उन्हें मंदिर के अंदर ले जाया गया। इस दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने भी बाबा जी की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
रात्रि में मंदिर परिसर पूरी तरह भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंगा रहा। रातभर भजन-कीर्तन का आयोजन चलता रहा। जैसे ही रात्रि के ठीक 12 बजे भगवान श्री कृष्ण का जन्म हुआ, मंदिर के पट खोले गए। भगवान श्री कृष्ण के जन्म के साथ ही घंटियों, नगाड़ों और ढोल की गूंज से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं द्वारा भगवान श्री कृष्ण की पूजा-अर्चना एवं आरती की गई, जो काफी देर तक चलती रही।
इसके पश्चात मंदिर समिति द्वारा उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को भगवान श्री कृष्ण का भोग एवं प्रसाद वितरित किया गया। जन्माष्टमी पर्व में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं धर्मप्रेमी लोग उपस्थित रहे।
मंदिर कमेटी के पदाधिकारी एवं सदस्य
अध्यक्ष: संदीप तिवारी सचिव: सुशील वर्मा
उपाध्यक्ष: झाला नरेश पटेल, कमलेश कठोतिया सदस्य: प्रदीप पटेल, हरीश जगवानी, मोहित जगवानी, सोनू महोबिया, बल्लू बर्मन, विजय बर्मन (बिज्जू), मनीष बर्मन (बावन जी) सहित अन्य सदस्य।
मंदिर के पुजारी, मनोज पांडेय, कृष्ण कुमार पांडेय एवं टोनी पांडेय ने धार्मिक आयोजन में पूजा-अर्चना एवं आरती संपन्न कराई।
पुलिस प्रशासन ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था
जन्माष्टमी पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए रात तक मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा। पुलिस जवानों ने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में व्यवस्था संभाली। थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस प्रशासन की सतर्कता के चलते जन्माष्टमी का आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।


