आस्था और विश्वास का अद्भुत संगम, मां ज्वाला के दरबार में उमड़ी श्रद्धा
संदीप तिवारी/ जन सूत्र न्यूज़ - उमरिया जिले के नौरोजाबाद क्षेत्र अंतर्गत स्थित प्रसिद्ध मां ज्वाला धाम उचेहरा में चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर आज ऐतिहासिक जवारा जुलूस निकाला गया, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरा क्षेत्र भक्ति में सराबोर नजर आया। प्रदेश के कोने-कोने से पहुंचे भक्तों ने मां ज्वाला के दर्शन कर अपनी मनोकामनाएं मांगी। मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा और भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली।
मंदिर में 9 दिनों तक मां की सेवा में लीन रहकर महाराज जी द्वारा गोद में जवारे बोए गए। इस दौरान उन्होंने न तो अन्न ग्रहण किया और न ही जल, बल्कि पूरी निष्ठा, तप और समर्पण के साथ मां की उपासना में दिन-रात लगे रहे। उनकी अटूट आस्था और श्रद्धा मंदिर में आने वाले भक्तों के लिए एक अद्भुत और दर्शन योग्य दृश्य बनी रही।
महाराज जी द्वारा अपने नगर, जिला और प्रदेश के साथ-साथ सभी श्रद्धालुओं के परिवारों के सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाल जीवन के लिए मां ज्वाला से प्रार्थना की गई, जिसने पूरे वातावरण को और अधिक आध्यात्मिक बना दिया।
मंदिर से निकला जवारा जुलूस सीधे विसर्जन स्थल पहुंचा, जहां विधि-विधान के साथ जवारों का विसर्जन किया गया।
जिसमें शामिल होकर श्रद्धालु पुण्य लाभ प्राप्त करते हैं। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई, जहां भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर मां का आशीर्वाद प्राप्त किया।
वहीं आज रात्रि में भव्य देवी जागरण का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें सुप्रसिद्ध भजन गायिका अलका चंद्राकर द्वारा भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय में उठेगा।








