दिल दहला देने वाला हत्याकांड: बेटे ने मां का गला घोंटकर की हत्या, शव ठिकाने लगाने से पहले गिरफ्तार – अमलाई में सनसनी
संदीप तिवारी / मध्यप्रदेश के शहडोल जिले के अमलाई थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेटे ने मामूली विवाद में अपनी ही मां की हत्या कर दी। आरोपी हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने की तैयारी में था, लेकिन पुलिस की तत्परता से उसे समय रहते गिरफ्तार कर लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना अमलाई थाना क्षेत्र के ईंटा भट्टा लखन दफाई की है, जो सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात की बताई जा रही है। मृतका की पहचान कुसुम बाई कोरी (56 वर्ष) के रूप में हुई है। हत्या का आरोप उनके बड़े पुत्र संजय कोरी पर है।
बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में केवल मां और बेटा ही मौजूद थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच किसी छोटी बात को लेकर विवाद हुआ, जो इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर अपनी मां का गला घोंट दिया। इस घटना में महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी घर से निकलकर पास के एक ढाबे में खाना खाने पहुंचा और वहां अपने कुछ साथियों से शव को ठिकाने लगाने की बात भी कही। इसी दौरान किसी मुखबिर ने पुलिस को इस घटना की सूचना दे दी।
सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घर से महिला का शव बरामद किया। इसके बाद मुखबिर के बताए स्थान पर दबिश देकर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी मां छोटी-छोटी बातों पर उसे डांटती-फटकारती थी, जिससे वह परेशान रहता था। गुस्से में आकर उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी नशे का आदी है और मजदूरी करता है।
परिवार की स्थिति भी सामान्य नहीं बताई जा रही है। छोटा बेटा दूसरे राज्य में मजदूरी करता है, जबकि तीनों बेटियां घर पर मौजूद नहीं थीं। थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पांडे ने बताया कि मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस द्वारा मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।
(जन सूत्र न्यूज़ – सच के साथ)

