रहठा बाजार में दिनदहाड़े 6.83 लाख की चोरी से मचा हड़कंप
बाजार में सक्रिय चोर गिरोह, रहठा में सराफा व्यापारी बना निशाना
संदीप तिवारी उमरिया । जिले के नौरोजाबाद थाना अंतर्गत ग्राम रहठा के बाजार में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक सराफा व्यापारी की दुकान से सोना-चांदी से भरा थैला अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। चोर ने वारदात को इतनी सफाई से अंजाम दिया कि दुकानदार को भनक तक नहीं लगी और वह बाजार की भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया। पीड़ित सराफा व्यापारी मूल रूप से ग्राम ढोंडा, थाना शहपुरा, जिला डिंडोरी का निवासी है। वह प्रतिदिन रहठा आकर बुद्ध काछी के मकान में बर्तन एवं सोना-चांदी की दुकान संचालित करता है। सोमवार शाम दुकान बंद करने से पहले उसने सोना-चांदी के जेवर एक हरे-भूरे रंग के थैले में रखकर पीछे रखा और एक महिला ग्राहक से बातचीत करने लगा।
करीब तीन मिनट तक चली बातचीत के दौरान व्यापारी का ध्यान थैले की ओर नहीं गया। इसी बीच अज्ञात चोर ने मौके का फायदा उठाकर थैला चोरी कर लिया और बाजार में मौजूद भीड़ में गुम हो गया। जब व्यापारी ने पीछे मुड़कर देखा तो थैला गायब था। चोरी गए थैले में करीब 25 ग्राम सोने के पुराने व नए आभूषण, जिनमें लॉकेट, नथ और कान के बाले शामिल थे, रखे थे, जिनकी कीमत लगभग 2 लाख 25 हजार रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा करीब 5 किलो चांदी के जेवरात—पायल, छलबल, करधन, चूड़ियां, अंगूठी व बिछिया—भी थैले में थे, जिनकी अनुमानित कीमत 4 लाख 50 हजार रुपये है।
इसके साथ ही थैले में तौलने का कांटा, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन (मोबाइल नंबर 6263973743), चार्जर, डायरी, बिल बुक एवं एक लाल गमछा भी रखा था। कुल मिलाकर चोरी गए सामान की कीमत लगभग 6 लाख 83 हजार रुपये आंकी गई है।घटना के बाद व्यापारी ने शोर मचाया, जिस पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। बाद में व्यापारी अपने परिजनों के साथ नौरोजाबाद थाने पहुंचा और मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई।
इस संबंध में नौरोजाबाद थाना प्रभारी बालेंद्र शर्मा ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है तथा संदिग्धों की तलाश जारी है। पुलिस ने जल्द ही चोरी का खुलासा करने का भरोसा दिलाया है।



