पिपरिया कालरी हाइवे पर दर्दनाक हादसा: स्कूल वाहन की टक्कर से ट्रैक्टर चालक गंभीर रूप से घायल
संदीप तिवारी उमरिया/ जिले के पिपरिया कालरी के समीप हाइवे पर गुरुवार सुबह लगभग 9 बजे एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया। हादसे में पिपरिया निवासी मंगू कोल (36 वर्ष), पिता सुभानी कोल गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार
ट्रैक्टर का इंजन अचानक गर्म हो गया था। इसी दौरान मंगू कोल रेडिएटर खोलकर पानी निकालने का प्रयास कर रहे थे कि उबलता हुआ पानी तेज़ी से ऊपर उछल पड़ा। इससे बचने के लिए वह सड़क की ओर भागे, लेकिन पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे स्कूल वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मंगू सड़क पर दूर तक घिसटते चले गए और उनके पैर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
108 की मिली मदद
हादसे की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस के डीएम सतेंद्र कुमार वर्मा ने तत्काल एम्बुलेंस मौके पर भेजी। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को काफी मशक्कत के बाद जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहाँ उनका उपचार जारी है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि हाइवे पर यदि गति नियंत्रण और सतर्कता बरती जाती, तो यह हादसा टल सकता था। वहीं पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
