कोरेक्स तस्करी के पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़, 336 शीशी जब्त, चार आरोपी गिरफ्तार

 खेत से शहर तक फैले नशे के कारोबार पर नौरोजाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई

कोरेक्स तस्करी के पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़, 336 शीशी जब्त, चार आरोपी गिरफ्तार

संदीप तिवारी उमरिया / जिले में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नौरोजाबाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने नशीली सिरप कोरेक्स की अवैध बिक्री से जुड़े एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए कुल 336 शीशी नशीली सिरप जब्त की है। इस कार्रवाई में चार युवकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट एवं औषधि नियंत्रण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अधीक्षक उमरिया श्री विजय भागवानी के निर्देशानुसार जिलेभर में नशे के कारोबार पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में 27 जनवरी 2026 को थाना नौरोजाबाद पुलिस टीम सायंकालीन पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि बन्नानाला बरही क्षेत्र के कुछ युवक अपने घरों में नशीली सिरप कोरेक्स को अवैध रूप से संग्रहित कर बिक्री कर रहे हैं।

सूचना की तस्दीक के उपरांत पुलिस टीम ने विधिसंगत कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान नीलेश गुप्ता, अंकित गुप्ता एवं सूजल गुप्ता के कब्जे से 10 शीशी नशीली सिरप बरामद की गई। पूछताछ में आरोपियों से प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस को नशे के नेटवर्क से जुड़े एक अन्य व्यक्ति का सुराग मिला। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि नशीली सिरप की आपूर्ति अंशु गुप्ता द्वारा की जाती थी, जो ग्राम देवगवां में निर्माणाधीन पेट्रोल पंप के समीप अपने खेत में बने मकान से कोरेक्स की सप्लाई करता था। इस सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर खेत स्थित मकान की तलाशी ली, जहां तीन खाकी रंग के कार्टूनों में रखी 326 शीशी नशीली सिरप बरामद की गई।

इस प्रकार पुलिस ने कुल 336 शीशी नशीली सिरप कोरेक्स जब्त करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में नीलेश गुप्ता (20 वर्ष), अंकित गुप्ता (23 वर्ष), सूजल गुप्ता (21 वर्ष) एवं अंशु गुप्ता (20 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी थाना नौरोजाबाद क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध स्वापक औषधि एवं मन प्रभावी पदार्थ अधिनियम की धारा 8, 21, 22 एवं औषधि नियंत्रण अधिनियम की धारा 13 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।

इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमरिया एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस पाली के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नौरोजाबाद निरीक्षक श्री बालेन्द्र शर्मा एवं उप निरीक्षक कोमल दीवान, सहायक उप निरीक्षक अनिल सिंह परिहार, सहायक उप निरीक्षक दिनेश तिवारी, प्रधान आरक्षक अवधेश, आरक्षक रविंद्र, नरेंद्र, बृजेश पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी स्थिति में पनपने नहीं दिया जाएगा और इस प्रकार की कार्रवाइयाँ आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेंगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post