यातायात पुलिस हुई सख्त, 371 चालान काटे नियमों के पालन की दी समझाइश
संदीप तिवारी उमरिया। जिले में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने यातायात पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाते हुए नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 26 नवंबर 2025 से 10 दिसंबर 2025 तक चलाए गए इस अभियान में कुल 371 चालान काटे गए, जिनसे 1,67,400 रुपये समन शुल्क वसूल किया गया।
यातायात थाना प्रभारी सी.के. तिवारी ने बताया कि जिला मुख्यालय के प्रमुख चौराहों, बाजारों और व्यस्त मार्गों पर लगातार चेकिंग की जा रही है। अभियान के दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, गलत पार्किंग, ओवरलोडिंग, अधूरे कागजात सहित अन्य उल्लंघनों पर कार्रवाई की गई।
![]() |
बुधवार सुबह भी शहर के प्रमुख स्थलों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान नो-पार्किंग ज़ोन में वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने वालों पर भी कार्यवाही की गई। तिवारी ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें। हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें तथा वाहन के सभी कागजात हमेशा साथ रखें।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था सुधारने के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।



