मंडल कांग्रेस ने इंदिरा पार्क में मनाई आयरन लेडी इंदिरा गांधी की जयंती
संदीप तिवारी उमरिया/ आज दिनांक 19 नवंबर, समय लगभग दोपहर 1:00 बजे, नौरोजाबाद स्थित इंदिरा पार्क में मंडल कांग्रेस के द्वारा देश की पहली महिला प्रधानमंत्री और आयरन लेडी कही जाने वाली स्व. इंदिरा गांधी की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके अदम्य साहस, अद्भुत नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के लिए दिए गए उनके अमूल्य योगदान को याद करते हुए की गई। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष, करकेली ब्लॉक अध्यक्ष, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष, महिला विंग की जिला अध्यक्ष, तथा यूथ कांग्रेस के नवजात ब्लॉक अध्यक्ष मौजूद रहे।
सभी पदाधिकारियों ने कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद के नारों के साथ देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री को नमन किया और उनके त्याग, समर्पण तथा विकास की नीतियों पर चर्चा की। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि इंदिरा गांधी केवल एक नाम नहीं, बल्कि एक ऐसी शक्तिशाली व्यक्तित्व थीं जिन्होंने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए कठिन परिस्थितियों में भी मजबूत निर्णय लिए। उनके दिखाए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। कार्यक्रम शांति और सम्मान के साथ संपन्न हुआ।

